कोण्डागांव

जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में विद्यार्थियों ने लिया उत्साह से हिस्सा
07-Nov-2026 9:38 PM
जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में विद्यार्थियों ने लिया उत्साह से हिस्सा

 चयनित प्रतिभागी राज्य स्पर्धा में करेंगे जिले का प्रतिनिधित्व

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 7 नवंबर। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोंडागांव में जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने वैज्ञानिक शोध, नवाचार, परियोजनाओं एवं विषय आधारित शोध पत्रों का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया।

प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में शासकीय माध्यमिक विद्यालय पसंगी एवं स्वामी आत्मानंद विद्यालय, तहसीलपारा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र प्रस्तुतीकरण पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं वरिष्ठ वर्ग में पीएम श्री सेजेस फरसगांव, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ेकनेरा एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मसोरा ने सर्वश्रेष्ठ शोध पत्र प्रस्तुतीकरण का पुरस्कार हासिल किया। इन विद्यालयों की टीमों का चयन आगामी राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए किया गया है।

यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित एवं उत्प्रेरित किया गया। सम्पूर्ण कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी  भारती प्रधान के संरक्षण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन जिला समन्वयक धर्मेंद्र चतुर्वेदी एवं जिला अकादमिक समन्वयक अंकित गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन में संसाधन व्यक्ति राहुल शर्मा एवं प्रभंजन मिश्रा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका शासकीय गुंडाधूर महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक शशि भूषण कन्नूजे एवं एस. आर. यादव ने निभाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के शोध कार्यों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, विषय की समझ एवं प्रस्तुतीकरण का मूल्यांकन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा कार्यालय के प्रतिनिधि एवं एमआईएस प्रशासक सियाराम यादव रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोंडागांव के प्राचार्य नरेंद्र नायक ने की।

अतिथियों ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने, दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान खोजने तथा नवाचार के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने चयनित टीमों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।


अन्य पोस्ट