कोण्डागांव
कोंडागांव, 5 नवंबर। चावरा हायर सेकेंडरी स्कूल, कोंडागांव के स्थापना के 40 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रूबी जुबली समारोह के तहत चावरा लिगेसी 2026 एलुमिनी मीट का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपने पुराने सहपाठियों और शिक्षकों के साथ पुरानी यादें साझा कीं।
कार्यक्रम का आरंभ सुबह असेंबली, प्रार्थना और पारंपरिक गतिविधियों के साथ हुआ। इसके बाद स्कूल के संस्थापक सदस्यों शांति लाल सुराना, डॉ. एस.के. कनवर, प्रेम राज कोटडिया, अब्राहम टिर्की और पूर्व प्रधानाध्यापकों को सम्मानित किया गया।
पूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही स्कूल के पूर्व प्राचार्यों और शिक्षकों को मंच पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल की 40 वर्षों की यात्रा पर आधारित एक वीडियो प्रदर्शित किया गया, जिसे देखकर पूर्व छात्र और शिक्षक भावुक हो उठे।
आयोजन को सफल बनाने में च्चावरा लिगेसीज् के अध्यक्ष ज्योति शंकर बोस, उपाध्यक्ष घनेन्द्र पाणिग्राही, सचिव नवीन पोयाम, कोषाध्यक्ष गौतम पाहुजा, मीडिया प्रभारी वासिल खान, इवेंट मैनेजर अशीम साहा और विद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. सिस्टर सिसिलिया सहित समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।