कोण्डागांव

गुंडाधुर कॉलेज में 90 दिनी स्पोकन इंग्लिश कोर्स शुरू
05-Nov-2026 9:00 AM
 गुंडाधुर कॉलेज में 90 दिनी स्पोकन इंग्लिश कोर्स शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 3 नवंबर। शासकीय गुंडाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन में 90 दिवसीय स्पोकन इंग्लिश कोर्स का शुभारंभ किया गया। इस 90 घंटे के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों की अंग्रेजी भाषा में संप्रेषण क्षमता, आत्मविश्वास एवं मौखिक अभिव्यक्ति कौशल का विकास किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम द्वारा माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्ष एवं सहायक प्राध्यापक श्रीमति रूपा सोरी मैम के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर अतिथि सहायक प्राध्यापक पल्लवी नुरुटी मैम,अभिषेक कुमार जैन सर एवं दिनेश्वर साहू सर ने सहयोग किया7

कार्यक्रम के प्रारंभ में प्राध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य एवं उपयोगिता के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके पश्चात अतिथि सहायक प्राध्यापक अभिषेक कुमार जैन सर ने प्रोजेक्टर के माध्यम से शैक्षणिक वीडियो प्रस्तुत कर अंग्रेजी भाषा के महत्व, दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता तथा प्रभावी संवाद कौशल की आवश्यकता को समझाया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत से पूर्व विद्यार्थियों की वर्तमान अंग्रेजी भाषा संबंधी दक्षता का आकलन करने के उद्देश्य से एक प्रारंभिक परीक्षण भी आयोजित किया गया। इस परीक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों की अंग्रेजी बोलने एवं समझने की वर्तमान स्थिति का मूल्यांकन किया गया, जिससे आगामी प्रशिक्षण को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी बनाया जा सके। कार्यक्रम का संचालन अतिथि सहायक प्राध्यापक पल्लवी नुरुटी मैम द्वारा किया गया।

अंत में अतिथि सहायक प्राध्यापक दिनेश्वर साहू सर ने उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को आगामी प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएँ दीं।


अन्य पोस्ट