कोण्डागांव
कोण्डागांव, 4 नवम्बर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को सुगम बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में समाज कल्याण विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से 9 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी ने हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसिकल एवं श्रवण यंत्र प्रदान किए। इन सहायक उपकरणों से दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन की गतिविधियों में सुविधा मिलेगी तथा उनकी गतिशीलता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सहायक उपकरण प्राप्त करने वालों में कोण्डागांव के रविशंकर, सोनाबेड़ा के संतोष नेताम, कोनगुड़ के ललित मरापी, जडक़ोगा के पुरन यादव एवं बरकई के चिकु नायक को मोटराइज्ड ट्राइसिकल प्रदान की गई। वहीं ग्राम सोनाबाल के प्रकाशचंद, सातगांव के मेहतु सहित अन्य दिव्यांगजनों को श्रवण यंत्र वितरित किए गए।
सहायक उपकरण प्राप्त कर दिव्यांगजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया।