कोण्डागांव
आदर्श कन्या महाविद्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस आयोजित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 3 नवंबर। शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय, कोण्डागांव में 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस का भव्य और गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अल्का शुक्ला के मार्गदर्शन में, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी शारदा मरकाम एवं राजनीति विज्ञान की सहायक प्राध्यापक सरिता तारम के संयुक्त संयोजन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अल्का शुक्ला ने स्वतंत्रता प्राप्ति के समय देश की परिस्थितियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, अदम्य साहस और कुशल नेतृत्व से 562 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत का निर्माण किया। उनके इसी ऐतिहासिक योगदान के कारण उन्हें लौह पुरुष की उपाधि दी गई। सरदार पटेल का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने छात्राओं को देश में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे की भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
राजनीति विज्ञान की सहायक प्राध्यापक सरिता तारम ने सरदार पटेल के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनकी दूरदर्शिता और रणनीतिक कौशल के कई प्रसंग साझा किए। उन्होंने बताया कि सरदार पटेल के अथक प्रयासों से ही आज हम एक सूत्र में बंधे हुए अखंड भारत में सांस ले रहे हैं।
मुख्य अतिथि जिला संगठक राष्ट्रीय सेवा योजना शशिभूषण कन्नौजे रहे। उन्होंने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंग छात्राओं को सुनाए। उन्होंने कहा कि हमें देश की महान विभूतियों के आदर्शों और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को अपने जीवन में जरूर अपनाना चाहिए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में समाजशास्त्र के सहायक प्राध्यापक तिलक चंद्र देवांगन ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।