कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 2 नवंबर। जिला स्तरीय युवा उत्सव में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ेबेंदरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता एवं कविता लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र को गौरवान्वित किया।
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने नशा मुक्त युवा, देश का भविष्य विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। नाटक का लेखन एवं निर्देशन अंकित गुप्ता एवं दिलीप कश्यप द्वारा किया गया। विद्यालय के प्राचार्य संजय ठाकुर के संरक्षण में विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुति देकर निर्णायकों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
वहीं, कविता लेखन प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा शीतल मांडवी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है।
जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा किया गया था। दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय ने अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। नुक्कड़ नाटक की टीम ने राज्य स्तरीय युवा उत्सव के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है।
विद्यालय की इस दोहरी उपलब्धि पर प्राचार्य, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार ने प्रतिभागी विद्यार्थियों, शीतल मांडवी तथा नाटक के लेखक एवं निर्देशक को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। साथ ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की कामना की।