कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 30 अक्टूबर। शासकीय गुण्डाधूर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव के प्रतिभाशाली छात्र मोहम्मद तहसीन रज़ा का चयन राज्य स्तरीय बैडमिंटन पुरुष प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वे इस प्रतियोगिता में कांकेर सेक्टर की बैडमिंटन पुरुष टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
तहसीन रज़ा का चयन 27 एवं 28 अक्टूबर को स्वामी आत्मानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायणपुर में आयोजित सेक्टर स्तरीय बैडमिंटन पुरुष प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करने के आधार पर हुआ। प्रतियोगिता में कांकेर सेक्टर के विभिन्न महाविद्यालयों के खिलाडिय़ों ने भाग लिया था।
राज्य स्तरीय बैडमिंटन पुरुष प्रतियोगिता का आयोजन 13 एवं 14 नवंबर को शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सूरजपुर में किया जाएगा। इसमें छत्तीसगढ़ के 12 सेक्टरों की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता से पूर्व चयनित खिलाडिय़ों के लिए 11 एवं 12 नवंबर को स्वामी आत्मानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नारायणपुर में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा।
महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी एच. आर. यदु ने बताया कि प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन में जुलाई से ही उच्च शिक्षा विभाग द्वारा निर्धारित विभिन्न खेलों का नियमित एवं व्यवस्थित अभ्यास कराया जा रहा है। खिलाडिय़ों के निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं परिश्रम का परिणाम है कि महाविद्यालय के विद्यार्थी सेक्टर एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
तहसीन रज़ा के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम सहित समस्त प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। महाविद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि तहसीन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।