कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 30 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला कोंडागांव के नए जिला संयोजक के रूप में कर्मचारी नेता निर्मल कुमार शार्दूल को चुना गया है। पूर्व जिला संयोजक शिवराज सिंह ठाकुर के अस्वस्थ होने के कारण नए संयोजक के चयन के लिए विश्राम गृह कोंडागांव में एक बैठक आयोजित की गई।
छत्तीसगढ़ प्रदेश संयोजक कमल वर्मा के निर्देशानुसार, चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ जगदलपुर के महामंत्री गजेंद्र श्रीवास्तव और पशु चिकित्सा विभाग के प्रांताध्यक्ष कैलाश चौहान बतौर पर्यवेक्षक कोंडागांव पहुंचे थे। पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में आयोजित बैठक में कर्मचारियों द्वारा डॉ. सुरेंद्र नाग और निर्मल कुमार शार्दूल का नाम प्रस्तुत किया गया। आपसी चर्चा और सहमति के बाद युवा कर्मचारी नेता निर्मल कुमार शार्दूल के नाम की घोषणा जिला संयोजक पद पर की गई। इस घोषणा से अधिकारी-कर्मचारियों में हर्ष की लहर दौड़ गई।
इस अवसर पर लोकेश गायकवाड (सह संयोजक), मनोज रावटे (तहसीलदार कोंडागांव), अतुल शुक्ला, प्रदीप श्रीवास्तव, गिरजा शंकर साहू, सोनसाय निषाद, सतपाल कौशिक, श्यामलाल कोर्राम, हृदय राम मांडवी, पवन साहू, पूजा कुंवर, पुष्पलता कुलदीप सहित विभिन्न संघों के प्रांतीय, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त जिला संयोजक निर्मल कुमार शार्दूल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कर्मचारी हितों के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।