कोण्डागांव
कोण्डागांव, 28 अक्टूबर। जिला मुख्यालय कोण्डागांव के डीएनके मैदान में 27 अक्टूबर को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संयुक्त मंच के बैनर तले जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नियमितीकरण, मानदेय में बढ़ोतरी, पदोन्नति और सामाजिक सुरक्षा जैसी मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित किया।
संयुक्त मंच की जिलाध्यक्ष लक्ष्मी बघेल ने कहा कि लंबे समय से मांगों को लेकर ज्ञापन और आंदोलन किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई मांग पूरी नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल की तैयारी की जाएगी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता खेमन कश्यप ने बताया कि मंच की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण होने तक श्रम कानून के तहत कार्यकर्ताओं को 30 हजार रुपये और सहायिकाओं को 25,500 रुपये मासिक वेतन देना शामिल है। इसके अलावा कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर और सहायिकाओं को कार्यकर्ता के पद पर सीधे पदोन्नति देने, पदोन्नति में उम्र की सीमा समाप्त करने तथा पेंशन, समूह बीमा, ग्रेच्युटी और पीएफ की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। मंच ने कार्यकर्ता या सहायिका की आकस्मिक मृत्यु पर अनुकंपा नियुक्ति और सेवानिवृत्ति पर कार्यकर्ता को पांच लाख तथा सहायिका को तीन लाख रुपये देने की मांग भी रखी है।
संयुक्त मंच ने मध्यप्रदेश की तर्ज पर मानदेय में प्रतिवर्ष एक हजार रुपये की वृद्धि करने की मांग की है। खेमन कश्यप के अनुसार, कोण्डागांव जिले में लगभग 1,800 से 2,000 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं पदस्थ हैं। जिला अध्यक्ष लक्ष्मी बघेल ने बताया कि 27 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के सभी जिलों और ब्लॉक स्तर पर भी एक दिवसीय धरना दिया गया।
मंच ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार उनकी पांच सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई नहीं करती है, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने के लिए बाध्य होंगी।