कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 27 अक्टूबर। जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को कांग्रेस भवन में वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत प्रेसवार्ता आयोजित की। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) से नियुक्त पर्यवेक्षक राजेश राठौर ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची से हटाए गए नामों की जांच और पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जोडऩे की मांग की। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने की बात भी कही।
प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री शंकर सोढ़ी, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एवं पूर्व केशकाल विधायक संतराम नेताम, जिला पीसीसी प्रभारी हेमंत ध्रुव, जिला महामंत्री एवं संगठन प्रभारी जेपी यादव, राजेश राठौर के सहयोगी आशीष दुबे सहित सातों ब्लॉक के कांग्रेस अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।
राजेश राठौर ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर वर्षों से मतदान कर रहे लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए।
जबकि कुछ ऐसे नाम भी जोड़े गए जो संबंधित क्षेत्र के निवासी नहीं हैं। उनके अनुसार, इस तरह की कथित अनियमितताओं से चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने महाराष्ट्र, कर्नाटक और हरियाणा के उदाहरण देते हुए कांग्रेस की ओर से मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों का उल्लेख किया।
प्रेसवार्ता में राठौर ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नियुक्ति समिति में भारत के मुख्य न्यायाधीश की जगह केंद्रीय मंत्रिमंडल के एक मंत्री को शामिल करने से चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े होते हैं। कांग्रेस की मांग है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाया जाए और मतदाता सूची में कथित गड़बडिय़ों की जांच कर पात्र मतदाताओं के नाम बहाल किए जाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर देशभर में प्रदर्शन करेगी और कानूनी विकल्पों पर भी काम करेगी।
छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची से नाम हटने के सवाल पर राठौर ने कांकेर का उदाहरण दिया। उन्होंने दावा किया कि वहां कांग्रेस के विधानसभा प्रत्याशी 16 मतों और लोकसभा प्रत्याशी करीब 1,600 मतों के अंतर से हारे थे। उनके अनुसार, क्षेत्र के दौरे के दौरान कुछ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संबंधित मतदाताओं के दस्तावेज जुटाकर अगली प्रेसवार्ता में जानकारी और साक्ष्य प्रस्तुत करेगी। राठौर ने छत्तीसगढ़ में 13 प्रतिशत तक कथित वोटों की हेराफेरी होने का दावा भी किया, हालांकि इस आंकड़े के समर्थन में प्रेसवार्ता के दौरान विस्तृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
राठौर ने बताया कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले प्रदर्शन में कांग्रेस के नेता, पूर्व मंत्री, विधायक, सांसद और संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे। इसके बाद अभियान को गांवों, वार्डों और मोहल्लों तक पहुंचाने की योजना है। कांग्रेस कार्यकर्ता मतदाता सूची में नामों की जांच करेंगे और लोगों को उनके नाम कटने की स्थिति में जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि जिला, ब्लॉक और मंडल स्तर पर बैठकें तथा जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से भी इस मुद्दे को जनता के सामने लाने में सहयोग की अपील की।