कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 26 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की बस्तर संभाग स्तरीय बैठक कोंडागांव स्थित कलार समाज भवन में संपन्न हुई। बैठक में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए।
बैठक में आगामी 31 अक्टूबर को सुकमा में आयोजित विशाल आमसभा एवं अधिकार रैली को सफल बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बस्तर संभाग के सभी जिलों से अधिक से अधिक संख्या में समाज के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए रणनीति तैयार करने तथा जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार को गति देने पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में समाज की प्रमुख मांगों, जिनमें अन्य पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण, जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम तथा पांचवीं अनुसूची एवं पेसा कानून के तहत ओबीसी समाज को लाभ दिए जाने की मांग प्रमुख हैं, को लेकर एकजुटता के साथ आवाज उठाने पर जोर दिया गया।
समाज के पदाधिकारियों ने सुकमा में आयोजित होने वाली आमसभा में संभाग के सभी जिलों से अधिकाधिक संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि समाज के अधिकारों और मांगों को व्यापक स्तर पर उठाया जा सके। संगठन द्वारा 31 अक्टूबर को आगामी रणनीति की घोषणा की जाएगी।
बैठक में प्रमुख रूप से तरुण धाकड़ संभागीय अध्यक्ष, नीलकंठ शार्दूल संभागीय संगठन महामंत्री,टिकेश्वरी सिन्हा, हरेश चक्रधारी, फूलचंद दीवान, संभागीय उपाध्यक्ष, देवलाल सोनवंशी, महामंत्री, पुरषोत्तम गजेंद्र,कमल किशोर कश्यप, परमानन्द साहू, रैमल दीवान, माधेश्वर जैन, मनोज देवांगन, अमित गुप्ता, ईश्वर चन्द्र निषाद, संतोष साहू, लोकनाथ राठौर, सुरेश देवांगन, श्याम दीवान, विद्या सिन्हा, हरिशंकर देवांगन, कृष्णा मानिकपुरी,आनंद पवार, लोकनाथ निषाद , गिरधारी सिन्हा, गोकुल बैध, गोपाल सिंह गजेंद्र,रमेश दीवान, गोवर्धन पटेल, कमलेश धाकड़ सहित बड़ी संख्या में प्रतिनिधि उपस्थित थे।