कोण्डागांव
कोंडागांव, 25 अक्टूबर। कोण्डागांव जिले के माकड़ी थाना क्षेत्र में रेप के फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा, उप पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बघेल और थाना प्रभारी ज्ञानेन्द्रसिंह चौहान के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार 7 अक्टूबर को प्रार्थिया ने थाना माकड़ी में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया था कि आरोपी तेमेश नेताम निवासी तमरावंड, थाना माकड़ी ने उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया, जिससे पीडि़ता गर्भवती हो गई है।
इस शिकायत के आधार पर थाना माकड़ी में धारा 137(2), 64(2)(3), 65(1) बीएनएस एवं 06 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था। घटना के बाद से आरोपी तेमेश नेताम फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
मुखबिर से प्राप्त सूचना और लोकेशन के आधार पर माकड़ी पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी तेमेश नेताम को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर, 24 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।