कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 24 अक्टूबर। शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव की टेबल टेनिस खिलाड़ी सिमरन ठाकुर महिला अंतरविश्वविद्यालयीन टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नागालैंड रवाना हुईं। यह प्रतियोगिता 26 से 30 अक्टूबर तक नागालैंड विश्वविद्यालय, नागालैंड में आयोजित की जा रही है।
सिमरन ठाकुर का अंतरविश्वविद्यालयीन प्रतियोगिता के लिए चयन महाविद्यालय एवं शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने टेबल टेनिस के क्षेत्र में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं खेल प्रतिभा के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। प्रतियोगिता में सिमरन देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों की प्रतिभावान खिलाडिय़ों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
ज्ञात हो कि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन में क्रीड़ा अधिकारी द्वारा विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है।
सिमरन की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में हर्ष का माहौल है। इससे पूर्व राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में सिमरन को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का खिताब दिया गया है।
महाविद्यालय की प्राचार्य, क्रीड़ा विभाग , समस्त प्राध्यापको कर्मचारियों और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने सिमरन ठाकुर को प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने तथा महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएँ दीं।