कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 22 अक्टूबर। पुलिस स्मृति दिवस पर कोण्डागांव पुलिस ने पुलिस लाइन स्थित अमर जवान ज्योति में शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा, उप पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बघेल, रक्षित निरीक्षक मनीष राजपूत, मुकेश जोशी सहित पुलिस अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने शहीद जवानों के साहस, त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका समर्पण पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने जवानों से कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में शहीद हुए 10 पुलिस जवानों की स्मृति में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इस दिन कर्तव्य निर्वहन के दौरान प्राण गंवाने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी जाती है।