कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 22 अक्टूबर। बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए जिले के मांझी-चालकी, गायता-पुजारी, मेंबर-मेम्बरीन एवं पटेल को वस्त्र-परिधान प्रदान किए गए। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं विधायक लता उसेंडी, कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने वस्त्र वितरित किए।
विधायक लता उसेंडी ने कहा कि बस्तर दशहरा आदिवासी संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। इनका संरक्षण कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि कोण्डागांव में 5 करोड़ रुपये की लागत से आदिवासी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संग्रहालय बनाया जाएगा। इससे भावी पीढ़ी को पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को समझने का अवसर मिलेगा।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए जिला प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी तथा पारंपरिक पदाधिकारियों की सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा की कामना की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त कृपेन्द्र तिवारी, अशोक ब्रह्मजी, निर्मल शार्दुल सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए पारंपरिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।