कोण्डागांव

जामकोट जलाशय में जल संकल्प अभियान का समापन
22-Oct-2026 9:24 PM
जामकोट जलाशय में जल संकल्प अभियान का समापन

 विधायक उसेंडी ने दिलाया जल संरक्षण का संकल्प

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 22 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जल संसाधन विभाग, कोंडागांव द्वारा शनिवार को जामकोट जलाशय में आयोजित जल जन सेवा संकल्प अभियान का समापन किया गया। कार्यक्रम में कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने ग्रामीणों एवं विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों को जल संरक्षण, जल संचयन तथा जल संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, मनोज जैन, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

विधायक लता उसेंडी ने जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल जीवन का आधार है और इसका संरक्षण समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने वर्षा जल संचयन के माध्यम से भू-जल स्तर में वृद्धि करने तथा भविष्य की पीढिय़ों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल का सीमित एवं उचित उपयोग सुनिश्चित करते हुए जल संरक्षण के प्रयासों में जनभागीदारी बढ़ाना आवश्यक है। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को जल के उचित उपयोग, वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, जल प्रबंधन में सामुदायिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित करते हुए लोगों से जल संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, वर्षा जल संचयन को प्रोत्साहित करना तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना रहा। अभियान के समापन अवसर पर जल संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने और जल के महत्व को समझते हुए इसके सदुपयोग का संदेश दिया गया।


अन्य पोस्ट