कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 21 अक्टूबर। विजयादशमी पर जिला पुलिस विभाग की ओर से पुलिस रक्षित केंद्र चिखलपुटी में विधि-विधान से शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा सपरिवार शामिल हुए। इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा, सभी उप पुलिस अधीक्षक और पुलिस जवान अपने परिवारों के साथ उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन कर शस्त्रों की पूजा की गई और पारंपरिक रस्में निभाई गईं। इसी तरह सिटी कोतवाली परिसर कोण्डागांव में भी वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शस्त्र पूजन किया गया।
पूजा-अर्चना के बाद पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने हर्ष के प्रतीक के रूप में आवाज करने वाले कारतूस से हर्ष फायर किया और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया।
उन्होंने विजयादशमी को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक बताते हुए कहा कि पुलिस विभाग में शस्त्र पूजन की पुरानी परंपरा रही है। यह आयोजन पुलिस बल के साहस, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के संकल्प को दोहराने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि पुलिस का मूल उद्देश्य समाज की सुरक्षा करना और शांति व्यवस्था बनाए रखना है। इस आयोजन के माध्यम से पुलिस विभाग ने जनसुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।