कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 19 अक्टूबर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-100 सप्ताह संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव में ‘योग एवं आत्म-सुरक्षा दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग, आत्म-सुरक्षा और नशामुक्ति की शपथ के साथ युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन तथा एनएसएस के जिला संगठक शशि भूषण कन्नौजे के संयोजन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय निदेशक एनएसएस डॉ. अशोक कुमार श्रोती मुख्य अतिथि के रूप में तथा राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. नीता बाजपेयी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को योग, नशामुक्ति और आत्म-सुरक्षा के व्यावहारिक कौशल के प्रति जागरूक करना था।
प्रथम सत्र में योग शिक्षक लच्छींदर पोयम ने प्रतिभागियों को विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया तथा नियमित योगाभ्यास और संतुलित आहार के महत्व पर जानकारी दी।
इसी सत्र में जूडो खिलाड़ी कुसुम शोरी ने आत्म-सुरक्षा का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने प्रतिभागियों को आपात स्थिति में सुरक्षा, शारीरिक संतुलन बनाए रखने और बचाव की तकनीकों का प्रदर्शन कर जानकारी दी।
द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि डॉ. अशोक कुमार श्रोती ने विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास अपनाने और नशीले पदार्थों से दूर रहने की बात कही। उन्होंने उपस्थित स्वयंसेवकों को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई।
राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. नीता बाजपेयी ने नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी और एनएसएस स्वयंसेवकों से जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इससे पूर्व, प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम ने स्वागत उद्बोधन दिया तथा कार्यक्रम के अंत में जिला संगठक शशि भूषण कन्नौजे ने आभार व्यक्त किया।