कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 18 अक्टूबर। शारदीय नवरात्रि के महाअष्टमी पर्व पर रविवार को जिला मुख्यालय स्थित शीतला माता मंदिर माता गुड़ी में आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह से ही माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। भक्तों ने माता के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में नवरात्रि की रौनक के बीच पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा। इस अवसर पर पूर्व मंत्री मोहन मरकाम भी पत्नी और बच्चों के साथ आम श्रद्धालु की तरह माता के दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया और कोण्डागांव सहित प्रदेश व देशवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।
पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने कहा कि शीतला माता को क्षेत्र की ग्राम देवी के रूप में पूजा जाता है। माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी शुभ कार्य शुरू करने से पहले माता का आशीर्वाद लेना जरूरी मानते हैं। इसी आस्था के साथ वे भी अपने परिवार के साथ माता के दरबार में पहुंचे हैं। उन्होंने कामना की कि माता रानी सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करें और सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें।
700 से 800 साल पुरानी मानी जाती है मंदिर की परंपरा
नगर पालिका परिषद कोण्डागांव के अध्यक्ष एवं शीतला माता मंदिर समिति में देव भगत नरपति पटेल ने मंदिर के इतिहास और यहां प्रचलित परंपराओं की जानकारी देते हुए बताया कि शीतला माता के प्रति लोगों की आस्था पीढिय़ों से चली आ रही है। उनके अनुसार, मंदिर की परंपरा करीब 700 से 800 साल पुरानी मानी जाती है। उन्होंने बताया कि पुराने समय में राम मंदिर तालाब के आसपास का क्षेत्र दलदली हुआ करता था। उस समय बंजारागढ़ से बंजारा समुदाय के लोग भेड़-बकरियों के साथ माता की प्रतिमा लेकर आए थे। बाद में एक घटना के बाद वे माता की प्रतिमा को बरगद के पेड़ के पास जंगल में छोडक़र चले गए। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों और गांव के पटेलों की माता के प्रति आस्था जुड़ती गई।
नरपति पटेल के मुताबिक, पुराने समय में ग्रामीण शिकार पर जाने से पहले माता से प्रार्थना करते थे। शिकार में सफलता मिलने की कामना के साथ वे साल की लकड़ी से बने एक विशेष आकार के प्रतीक को माता के नाम पर अर्पित करते थे। इसी तरह माता की पूजा और मनौती मांगने की परंपरा आगे बढ़ती गई। समय के साथ श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी और माता के प्रति लोगों की आस्था ने भव्य रूप ले लिया। पहले जहां गिने-चुने लोग दीप प्रज्वलित करते थे, वहीं आज मनोकामना ज्योति कलशों की परंपरा बड़े धार्मिक आयोजन का रूप ले चुकी है।
1791 ज्योति कलशों से पूरी हुई श्रद्धालुओं की मनोकामना की आस
शीतला माता मंदिर में इस वर्ष घी और तेल के कुल 1791 मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए हैं। नगर पालिका परिषद कोण्डागांव के अध्यक्ष एवं मंदिर समिति में देव भगत नरपति पटेल ने बताया कि श्रद्धालु माता के सामने संतान प्राप्ति, नौकरी, परिवार की खुशहाली और अन्य मनोकामनाओं के लिए प्रार्थना करते हैं। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और परंपरा के अनुसार चढ़ावा अर्पित करते हैं। कोई चांदी का टुकड़ा चढ़ाता है तो कोई अपनी सामर्थ्य के अनुसार राशि या अन्य सामग्री अर्पित करता है। उनके अनुसार, मनोकामना ज्योति कलश की परंपरा आज मंदिर की धार्मिक पहचान बन चुकी है और हर वर्ष इसमें श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिलती है।
अष्टमी पर हवन, नवमी पर भोग-भंडारा और ज्योति कलश विसर्जन
महाअष्टमी के अवसर पर रविवार शाम मंदिर में प्रज्वलित घी और तेल के ज्योति कलशों के साथ हवन-पूजन किया जाएगा। इसके बाद नवमी पर माता को भोग अर्पित कर भोग-भंडारे का आयोजन होगा। इसी दिन मनोकामना ज्योति कलशों का विसर्जन भी किया जाएगा। इन धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। नवरात्रि के दौरान मंदिर में दर्शन, पूजा-अर्चना और मनोकामना ज्योति प्रज्वलित करने के लिए पहुंचने वाले भक्तों के कारण पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
नवरात्रि के बाद विकास नगर स्टेडियम में होगा रावण दहन
शीतला माता मंदिर समिति की ओर से नवरात्रि के बाद दशहरा पर्व पर विकास नगर स्टेडियम मैदान में रामलीला मंचन और रावण वध का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति में देव भगत नरपति पटेल ने बताया कि इस आयोजन में राम और रावण के दल पारंपरिक रूप से अलग-अलग निकलते हैं और नगर के लोग उनके साथ शामिल होते हैं। इसके बाद विकास नगर स्टेडियम मैदान में शाम करीब 5.30 से 6 बजे के बीच रावण दहन किया जाता है। धार्मिक आस्था के साथ रामलीला और रावण दहन का यह आयोजन नगर की सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है, जिसमें हर वर्ष बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं।