कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 18 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन शनिवार को जिला कार्यालय परिसर में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर के द्वारा एनएसई फाउंडेशन सीएसआर से 41 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इनमें 15 लोगों का मौके पर मेडिकल सर्टिफिकेट बना कर उपकरण वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक लता उसेंडी और कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने दिव्यांगजनों से आत्मीय संवाद किया तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझा। उन्होंने कहा कि शासन दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके जीवन को सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
विधायक लता उसेंडी ने कहा कि दिव्यांगजनों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। शासन द्वारा संवेदनशीलता के साथ दिव्यांगजनों को सामाजिक सुरक्षा और आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों से अपील की कि वे शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी अन्य जरूरतमंद लोगों तक भी पहुंचाएं।
साथ ही उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के लाभों की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों से आयुष्मान कार्ड बनवाकर योजना का लाभ लेने की अपील की।
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष के सेवा एवं संकल्प के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की यह संवेदनशील पहल की गई है।
उन्होंने सभी दिव्यांगजनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन दिव्यांगजनों को सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। सहायक उपकरणों के माध्यम से दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियों को सुगम बनाने और उनकी जरूरतों के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में श्री मनोज जैन, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर, ग्राम पंचायत मसौरा की सरपंच सुकली बाई, एल्डरमेन अशोक ब्रम्ह सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, एसडीएम किशोर शर्मा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उत्तम महोबिया तथा समाज कल्याण विभाग की उप संचालक ललिता लकड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।