कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 17 अक्टूबर। कोंडागांव जिले के संकुल केंद्र करंजी के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक विद्यालय करंजी के विद्यार्थियों ने दशहरा अवकाश के पूर्व एक रचनात्मक गतिविधि के तहत कैनवास पर मां दुर्गा का चित्र बनाया। कार्यक्रम संयोजक टी. वेंकट राव के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व के महत्व से अवगत कराना था।
कार्यक्रम संयोजक टी. वेंकट राव ने कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक कार्यों से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ कलात्मक और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए दुर्गा पूजा और विजयादशमी के सांस्कृतिक महत्व, महिषासुर पर मां दुर्गा की विजय तथा बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में इस पर्व की जानकारी दी।
शिक्षिका सारिका वैष्णव ने नवरात्रि पर्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले इस पर्व में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है और दसवें दिन विजयादशमी का पर्व मनाया जाता है, जो समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देता है।