कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 17 अक्टूबर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत संचालित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत - 100 सप्ताह संकल्प अभियान’ के तहत, द्वितीय माह की थीम ‘स्वस्थ युवा, नशा-मुक्त युवा (शक्ति एवं सेवा)’ के सप्ताह-5 के अवसर पर शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव में ‘योग एवं आत्म-सुरक्षा दिवस’ का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला संगठक एवं कार्यक्रम समन्वयक शशि भूषण कन्नौजे के समन्वय में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को योग के प्रति जागरूक करना, नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा आत्म-सुरक्षा के व्यावहारिक कौशल से अवगत कराना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत दो प्रशिक्षण सत्र संपन्न हुए।
प्रथम सत्र (योगाभ्यास) में योग शिक्षक लच्छींदर पोयम ने प्रतिभागियों को सामान्य योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की प्रक्रिया से परिचित कराया। उन्होंने मानसिक तनाव को प्रबंधित करने, एकाग्रता बढ़ाने और संतुलित दिनचर्या अपनाने के महत्व को समझाया।
द्वितीय सत्र (आत्म-सुरक्षा) में जूडो चैंपियन सुश्री कुसुम शोरी ने प्रतिभागियों को आत्म-सुरक्षा की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने संभावित खतरों से सतर्क रहने, शारीरिक संतुलन बनाए रखने और संकट के समय विवेकपूर्ण निर्णय लेने के उपायों का प्रदर्शन किया।
प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली और अनुशासन को बढ़ावा देने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम समन्वयक शशि भूषण कन्नौजे ने युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने, योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने और आत्म-सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक युवा ही समाज तथा राष्ट्र के विकास में प्रभावी योगदान दे सकते हैं।