कोण्डागांव

मुक्तिधाम की आरक्षित भूमि पर कब्जे की आशंका
16-Oct-2026 10:06 PM
मुक्तिधाम की आरक्षित भूमि पर कब्जे की आशंका

 ग्रामीणों ने जनदर्शन में कलेक्टर से लगाई गुहार

कोंडागांव, 16 अक्टूबर। कोंडागांव जिले की तहसील कोंडागांव के ग्राम ठोठी मड़ानार में मुक्तिधाम के लिए आरक्षित भूमि को सुरक्षित रखने की मांग ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर से की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव में मुक्तिधाम के लिए पूर्वजों द्वारा आरक्षित की गई भूमि पर एक व्यक्ति द्वारा अपने पट्टे की जमीन बताकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मोहकम दास द्वारा उक्त भूमि को अपने पट्टे की जमीन बताते हुए विवाद किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, जीपीएस सर्वे के दौरान भी मुक्तिधाम की भूमि को अपनी बताकर ग्रामवासियों के साथ विवाद किया गया था।

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि मुक्तिधाम की आरक्षित भूमि पर कब्जा हो गया, तो भविष्य में गांव में किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए स्थान की समस्या उत्पन्न हो सकती है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि पटवारी को भेजकर भूमि का पुन: स्थल निरीक्षण कराया जाए तथा सार्वजनिक मुक्तिधाम के लिए आरक्षित भूमि को सुरक्षित रखने आवश्यक कार्रवाई की जाए।


अन्य पोस्ट