कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 14 अक्टूबर। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने सोमवार को फरसगांव विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शंकरपुर का निरीक्षण कर कृषि संकाय के विद्यार्थियों द्वारा की जा रही विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा श्रीविधि से की जा रही धान की खेती तथा नवीन तकनीकों के माध्यम से सब्जियों की जैविक खेती के प्रदर्शन का जायजा लिया और इन प्रयासों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान कृषि संकाय के शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने कलेक्टर को धान एवं सब्जियों की खेती में अपनाई जा रही तकनीकों, कृषि प्रक्रियाओं तथा उत्पादन संबंधी गतिविधियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कलेक्टर ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा कृषि के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ ही आधुनिक एवं जैविक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने इन प्रयासों को अन्य विद्यालयों के लिए भी अनुकरणीय बताया।
इसके पश्चात कलेक्टर ने विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी को भवन का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर फरसगांव एसडीएम अश्विन पुसाम, जनपद पंचायत सीईओ रूपेन्द्र नेताम, तहसीलदार अंकुर रात्रे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।