कोण्डागांव

भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस भवन का घेराव कर पुतला फूंका, सांसद पर कार्रवाई की मांग
13-Oct-2026 10:15 PM
भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस भवन का घेराव कर पुतला फूंका, सांसद पर कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 13 अक्टूबर। भाजपा महिला मोर्चा ने मंगलवार को कांग्रेस भवन का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया गया। भाजपा महिला मोर्चा ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) नई दिल्ली की 11 छात्राओं से कथित यौन दुर्व्यवहार के मामले को लेकर विरोध जताया और कांग्रेस नेतृत्व से संबंधित सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने कांग्रेस भवन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी।

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमा शर्मा ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान की बात करती है, लेकिन इस मामले में उसका रवैया अलग है। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल करते हुए सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।

 विरोध प्रदर्शन में कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनोज जैन, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नागेश देवांगन, अनीता नेताम सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता नजर आए।

ज्ञात हो कि सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजाम पर जेएनयू की 11 छात्राओं ने यौन उत्पीडऩ के आरोप लगाए हैं। विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति की जांच के बाद उन्हें 9 अक्टूबर को प्रोफेसर के पद से बर्खास्त किया गया था। दिल्ली पुलिस ने 11 अक्टूबर को शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की। सांसद ने आरोपों को खारिज करते हुए विश्वविद्यालय की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।


अन्य पोस्ट