कोण्डागांव
प्रशासन ने जांच और कार्रवाई का दिया आश्वासन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 11 अक्टूबर। विकासखंड माकड़ी के संयुक्त एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में पदस्थ पीजीटी कंप्यूटर साइंस शिक्षिका ने शुक्रवार रात फिनाइल पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इसके बाद वह स्वयं पैदल जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां उनका उपचार जारी है। शिक्षिका ने विद्यालय प्रशासन पर मानसिक रूप से प्रताडि़त करने और विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने का आरोप लगाया है।
घटना की जानकारी मिलने पर शनिवार को आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त कृपेन्द्र तिवारी और एसडीएम किशोर शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने शिक्षिका से मुलाकात कर उनका हाल जाना और शिकायतों की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शिक्षिका का आरोप है कि उन्होंने विद्यार्थियों के हित में छात्रावास और विद्यालय में पानी, किताबें, जूते, यूनिफॉर्म और कंप्यूटर जैसी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया था। इसके बाद से उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। उन्होंने छात्रावास में पीने के साफ पानी, शौचालयों में पानी और गुणवत्तापूर्ण भोजन की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
शिक्षिका ने आरोप लगाया कि विद्यार्थियों को एक्सपायरी खाद्य सामग्री खिलाई जाती है और भोजन की गुणवत्ता भी ठीक नहीं है। उनके अनुसार, कंप्यूटर विषय की पढ़ाई के लिए पर्याप्त कंप्यूटर और किताबें उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि कंप्यूटर की किताबों के लिए बिल पास होने के बावजूद किताबें विद्यालय में उपलब्ध नहीं हैं। प्रियंका ने महिला शिक्षकों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों के इस्तेमाल और छात्रावास के वार्डनों की ड्यूटी को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम आयोजित बैठक के दौरान भी उन्हें कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि समस्याएं उठाने पर उन्हें निशाना बनाया जाता है और शिकायतों के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
वहीं, सहायक आयुक्त कृपेन्द्र तिवारी ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और वह शिक्षिका से चर्चा कर पूरे घटनाक्रम को समझेंगे। एसडीएम किशोर शर्मा ने बताया कि शिक्षिका से मिली जानकारी के आधार पर तथ्यों की जांच की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शिक्षिका की ओर से बताई गई समस्याओं के समाधान का भी आश्वासन दिया है।