कोण्डागांव

सेवा संकल्प अभियान: राष्ट्र मंडला रंगोली व रैली से दिया नक्सल मुक्त बस्तर और एक पेड़ माँ के नाम का संदेश
09-Oct-2026 12:04 AM
सेवा संकल्प अभियान: राष्ट्र मंडला रंगोली व रैली से दिया नक्सल मुक्त बस्तर और एक पेड़ माँ के नाम का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 8 अक्टूबर।  सेवा संकल्प अभियान (17 सितंबर से 17 अक्टूबर) के तहत कोंडागांव के शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 6 अक्टूबर को जिला प्रशासन के निर्देशन में राष्ट्र मंडला रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उच्च शिक्षा विभाग (नोडल) तथा स्कूल शिक्षा व आदिम जाति कल्याण विभाग के समन्वय से आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘नक्सल मुक्त बस्तर-नक्सल मुक्त भारत’ एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम’ रही।

 200 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मिलकर एक विशाल रंगोली बनाई। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, इंफ्रास्ट्रक्चर और जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण व वृक्षारोपण का संदेश उकेरा गया।

 7 अक्टूबर को एनसीसी ग्राउंड से महाविद्यालय परिसर तक जन-जागरूकता रैली निकाली गई। परिसर पहुंचकर अतिथियों ने रंगोली का अवलोकन कर विद्यार्थियों की सराहना की।

 राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने नमो गाथा एवं उरी सर्जिकल स्ट्राइक विषय पर देशभक्ति से ओतप्रोत नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। कार्यक्रम में कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, पूर्व विधायक संतराम नेताम, पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी, जिला व जनपद पंचायत अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह संपूर्ण आयोजन जिला नोडल (डिप्टी कलेक्टर) रश्मि पोया, कॉलेज प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम और कार्यक्रम प्रभारी शशिभूषण कन्नौजे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।


अन्य पोस्ट