कोण्डागांव

सेवा सेतु शिविर जोंधरापदर में 400 से अधिक हितग्राही हुए लाभान्वित
07-Oct-2026 11:18 PM
सेवा सेतु शिविर जोंधरापदर में 400 से अधिक हितग्राही हुए लाभान्वित

विधायक लता उसेंडी ने की 22 लाख के विकास कार्यों की घोषणा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 7 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ग्राम जोंधरापदर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी शामिल हुईं। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कुल 438 हितग्राही विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित हुए।

विधायक लता उसेंडी ने कहा कि 17 सितंबर से प्रारंभ हुए सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में लगातार जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सेवा सेतु शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके गांव के नजदीक ही शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है।

इस अवसर पर विधायक लता उसेंडी ने ग्राम जोंधरापदर में आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए 12 लाख रुपए तथा सोनाबेड़ा स्टापडेम के जीर्णोद्धार के लिए 10 लाख रुपए, इस प्रकार कुल 22 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की।

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु शिविरों से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। विभिन्न विभाग एक ही स्थान पर उपस्थित होकर ग्रामीणों की जरूरतों और समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। इससे योजनाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है।

राजस्व विभाग द्वारा अतिवृष्टि से मकान क्षति के 121 प्रभावितों को सहायता राशि, 35 जाति प्रमाण पत्र, 25 निवास प्रमाण पत्र, 80 आय प्रमाण पत्र, 10 बी-1, 10 डिजिटल किसान किताब तथा 97 ग्रामीणों को स्वामित्व पत्र प्रदान किए गए।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा 06 आयुष्मान कार्ड, मत्स्य पालन विभाग द्वारा 02 हितग्राहियों को मत्स्याखेट हेतु जाल तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के 06 हितग्राहियों को आवास की प्रतिकात्मक चाबी प्रदान की गई।

इसी प्रकार बिहान की 10 लखपति दीदियों का सम्मान, उद्यान विभाग द्वारा 15 तथा वन विभाग द्वारा 08 पौधों का वितरण, श्रम विभाग द्वारा 09 हितग्राहियों का श्रम पंजीयन सहित अन्य विभागीय योजनाओं से ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 02 गोदभराई एवं 02 अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराए गए।


अन्य पोस्ट