कोण्डागांव

पॉलीटेक्निक कॉलेज में सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज व स्टार्टअप शिविर
05-Oct-2026 10:39 PM
 पॉलीटेक्निक कॉलेज में सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज व स्टार्टअप शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 5 अक्टूबर। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, कोण्डागांव द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज कोण्डागांव में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज तथा जिला शिक्षा, उद्यमिता एवं स्टार्टअप विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक व नोडल अधिकारी हिमालय सेठिया ने किया।

29 सितंबर को आयोजित इस शिविर में प्रबंधक/सहायक संचालक कुसुमलता नेताम, प्राचार्य अश्विनी कुमार खैरवार, व्याख्याता निशात कुमार, राजेश कुमार सहित 50 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

23 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस चैलेंज में विद्यार्थियों को स्टार्टअप आइडिया तैयार करने, उसे प्रोटोटाइप में विकसित करने और राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा में भाग लेने हेतु प्रेरित किया गया।

जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के प्रबंधक/सहायक संचालक वीरेंद्र तांडेकर ने स्थानीय संसाधनों पर आधारित स्वरोजगार और नवाचार की संभावनाओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार (ए.आई. ) और उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही पीएमएफएमई योजना, छत्तीसगढ़ नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2026-30 और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर आधारित विचारों को बढ़ावा देना है।


अन्य पोस्ट