कोण्डागांव

जन समस्या निवारण शिविर में मत्स्य हितग्राहियों को मिला लाभ
05-Oct-2026 10:35 PM
 जन समस्या निवारण शिविर में मत्स्य हितग्राहियों को मिला लाभ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 5 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 3 अक्टूबर को विकासखंड एवं जिला कोण्डागांव के मर्दापाल में जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मछली पालन विभाग द्वारा मत्स्य हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत लाभान्वित करते हुए आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया। यह सामग्री वन मंत्री केदार कश्यप के द्वारा प्रदाय किया गया।

मछली पालन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण के तहत ग्राम हसलनार के हितग्राही हेमकुमार कोर्राम को मत्स्याखेट जाल तथा ग्राम बड़े कुसुरनार के हेमराज कश्यप को आईस बॉक्स प्रदान किया गया। इन सामग्रियों के वितरण से मत्स्य व्यवसाय से जुड़े हितग्राहियों को आजीविका संवर्धन एवं आय वृद्धि में सहायता मिलेगी।

इसी प्रकार मत्स्य कृषकों के आर्थिक सुदृढ़ीकरण और आजीविका विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ग्राम लखापुरी के श्री पीलाराम वट्टी को उनके द्वारा निर्मित तालाब में मत्स्य पालन एवं मत्स्याखेट के लिए जाल उपलब्ध कराया गया।

 विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से हितग्राहियों को स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

इस अवसर पर  जिला पंचायत अध्यक्ष  रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य  रामदई नाग सहित जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।


अन्य पोस्ट