कोण्डागांव

ग्राम चौपाल में पुलिस ने ग्रामीणों को दिए साइबर सुरक्षा के टिप्स
05-Oct-2026 10:35 PM
ग्राम चौपाल में पुलिस ने ग्रामीणों को दिए साइबर सुरक्षा के टिप्स

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 5 अक्टूबर।  कोण्डागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन में जिलेभर में लगातार साइबर जागृति अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 30 सितंबर को जिले के विभिन्न थानों के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों में ग्राम चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।अभियान के तहत थाना अनन्तपुर, थाना माकड़ी, थाना मर्दापाल और थाना विश्रामपुरी क्षेत्र के विभिन्न गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को विस्तृत जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, ओटीपी/यूपीआई फ्रॉड, फर्जी कॉल, केवायसी अपडेट फ्रॉड, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट तथा ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी के तरीकों से आगाह किया।

ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी गई कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, यूपीआई पिन, पासवर्ड या बैंक खाते की जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने अथवा नजदीकी पुलिस थाना/साइबर सेल को सूचित करने की समझाइश दी गई।

एसपी पंकज चन्द्रा ने जिलेवासियों से अपील की कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे सशक्त माध्यम है। नागरिक स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।


अन्य पोस्ट