कोण्डागांव

बिजली लाइन सुधारते करंट, कर्मी की मौत
05-Oct-2026 8:22 PM
बिजली लाइन सुधारते करंट, कर्मी की मौत

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
केशकाल, 5 अक्टूबर।
विश्रामपुरी क्षेत्र में बिजली लाइन सुधारने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक लाइनमैन की  मौत हो गई। मृतक की पहचान घनश्याम निषाद के रूप में हुई है। हादसे के बाद बिजली विभाग में शोक का माहौल है।

 जानकारी के अनुसार, घनश्याम निषाद विश्रामपुरी क्षेत्र में बीती रात बिजली लाइन सुधारने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से वह सीढ़ी से नीचे गिर गए। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विश्रामपुरी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद विश्रामपुरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद मृतक का शव उनके गृह ग्राम जामगांव लाया गया, जहां परिवारजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान पूरे गांव और परिवार में शोक का माहौल रहा।

मिलनसार स्वभाव के थे
परिजनों और परिचितों के अनुसार घनश्याम निषाद अपने विभाग में मेहनती और जिम्मेदार कर्मचारी के रूप में कार्य कर रहे थे। उनके कार्य से विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी संतुष्ट थे। मिलनसार स्वभाव के कारण वे सहकर्मियों और दोस्तों के बीच भी लोकप्रिय थे। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घनश्याम के निधन की खबर से परिवारजनों, दोस्तों और सहकर्मियों में गहरा शोक है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विश्रामपुरी में पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा
बताया जा रहा है कि कुछ माह पूर्व भी विश्रामपुरी क्षेत्र में बिजली लाइन सुधारने के दौरान एक लाइनमैन की मौत हुई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को लेकर बिजली कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल विश्रामपुरी पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।


अन्य पोस्ट