कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 4 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत एक अक्टूबर को विकासखंड कोंडागांव की ग्राम पंचायत उमरगांव ‘अ’ स्थित उमरगांव जलाशय में जल संसाधन विभाग कोंडागांव द्वारा जल चौपाल, संगोष्ठी एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बांध सुरक्षा अधिनियम 2021 और जल मितव्ययिता पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें ग्रामीणों व कृषकों को जल संरक्षण, संचयन तथा बांध सुरक्षा अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों और नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया।
सिंचाई और दैनिक जीवन में जल के विवेकपूर्ण उपयोग हेतु व्यावहारिक परामर्श साझा करते हुए सामूहिक जल संकल्प की शपथ दिलाई गई। साथ ही भविष्य के लिए जल संरक्षण कार्ययोजना की रूपरेखा तैयार की गई।
एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत परिसर में पौधरोपण किया गया तथा ग्रामीणों से पर्यावरण संवर्धन हेतु अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक व किसान लक्षिम सोरी, मंगूराम नेताम, ग्राम कोटवार तीजू राम सोढ़ी, माटी गायता महेन्द्र नेताम और मेट दयासागर मरकाम सहित अन्य ग्रामीण समेत जल संसाधन विभाग कोंडागांव के कार्यपालन अभियंता आर. एल. धीवर, अनुविभागीय अधिकारी ईतेश मेश्राम और उपअभियंता मुकेश साहू उपस्थित रहे।