कोण्डागांव

सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की महासभा और रैली
03-Oct-2026 9:05 PM
सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की महासभा और रैली

27 फीसदी आरक्षण समेत 3 सूत्रीय मांगों पर जुटे हजारों

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 3 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की ओर से शनिवार को कोण्डागांव के विकास नगर स्टेडियम मैदान में महासभा और अधिकार रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में ओबीसी समाज के लोग शामिल हुए। समाज की ओर से 27 प्रतिशत आरक्षण, राष्ट्रीय जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम और पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में ओबीसी समाज को भी अधिकार दिए जाने समेत तीन सूत्रीय मांगों को लेकर यह आयोजन किया गया। महासभा के बाद समाज की ओर से रैली निकालकर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को ज्ञापन सौंपा गया।

कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। भीड़ को देखते हुए शहर के संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया। कार्यक्रम के दौरान कोण्डागांव की शराब दुकानों को भी बंद रखा गया। समाज के पदाधिकारियों ने इसे जिला स्तर पर ओबीसी समाज का बड़ा जमावड़ा बताया। आयोजकों के अनुसार, बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने के चलते सभा स्थल के आसपास मोबाइल नेटवर्क प्रभावित हुआ। आयोजकों और अन्य स्रोतों का दावा है कि, शनिवार को आयोजित  सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की महासभा और रैली में शामिल होने 40 हजार से अधिक लोग कोण्डागांव पहुंचे हैं।

छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के जिलाध्यक्ष रैमल दीवान ने बताया कि महासभा के बाद रैली सामुदायिक भवन होते हुए बाजार क्षेत्र और नेशनल हाईवे की ओर जाएगी। इसके बाद एसडीएम कोण्डागांव को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज की पहली मांग 27 प्रतिशत आरक्षण, दूसरी मांग जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम और तीसरी मांग पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में रहने वाले ओबीसी समाज को भी अन्य समुदायों की तरह संबंधित अधिकार दिए जाने की है। बस्तर संभाग को अलग करने की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह उनके समाज की मांग नहीं है और इस विषय पर समाज की ओर से कोई विचार नहीं किया जा रहा है।

संभागीय संगठन महामंत्री नीलकंठ शार्दूल ने कहा कि ओबीसी समाज के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने, राष्ट्रीय जनगणना में अलग कॉलम निर्धारित करने और पांचवीं अनुसूची व पेसा क्षेत्र में रहने वाले ओबीसी समाज को भी अधिकार दिए जाने की मांग है। उन्होंने कहा कि समाज की ओर से आगामी दिनों में अन्य जिलों में भी चरणबद्ध आंदोलन किए जाएंगे और रायपुर में बड़े आंदोलन की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आगामी रणनीति को लेकर कोर कमेटी की बैठक में निर्णय लिया जाएगा।

संभागीय अध्यक्ष तरुण सिंह धाकड़ ने कहा कि कोण्डागांव का यह आंदोलन चरणबद्ध अभियान का दूसरा चरण है। उन्होंने बताया कि इसके बाद 31 अक्टूबर को सुकमा जिले में आंदोलन किया जाएगा। उनके अनुसार, सुकमा के बाद दंतेवाड़ा, बीजापुर और नारायणपुर में भी आंदोलन किए जाएंगे।

 उन्होंने कहा कि यदि मांगों पर सरकार की ओर से समाज के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा नहीं की जाती है तो आंदोलन को आगे और व्यापक किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान तरुण सिंह धाकड़ ने 2023 में बस्तर के लालबाग में हुए ओबीसी समाज के प्रदर्शन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समाज अपनी मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहा है। साथ ही उन्होंने सरकार से समाज के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर मांगों पर विचार करने की बात कही।


अन्य पोस्ट