कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 3 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जैतपुरी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस ) इकाई के तत्वावधान में एक दिवसीय विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्राचार्य राजेश पांडेय के मार्गदर्शन में एनएसएस स्वयंसेवकों और स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा ग्राम जैतपुरी में ‘नशामुक्त विद्यालय, नशामुक्त समाज ’ विषय पर एक भव्य जन-जागरूकता रैली निकाली गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम अधिकारी ब्रजेश तिवारी द्वारा महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात एनएसएस स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत का सामूहिक गान किया। रैली रवाना होने से पूर्व कार्यक्रम अधिकारी द्वारा उपस्थित सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को जीवन भर हर प्रकार के व्यसन से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
हरी झंडी दिखाए जाने के बाद रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर ग्राम के विभिन्न मार्गों, मुख्य चौक तथा राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरी। रैली में शामिल विद्यार्थी हाथों में नशामुक्ति के संदेश लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे।
स्वयंसेवकों ने ‘बापू का था एक ही सपना, नशामुक्त हो देश अपना ’ और ‘एनएसएस का है यही पैगाम, नशामुक्त हो जैतपुरी ग्राम’ जैसे गगनभेदी नारों से पूरे गांव में अलख जगाई।
नुक्कड़ नाटक ने मोहा ग्रामीणों का मन
रैली जब जैतपुरी के मुख्य चौक पर पहुंची, तब एनएसएस के छात्र-छात्राओं द्वारा एक अत्यंत प्रभावशाली लघु नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। इस नाटक के माध्यम से छत्तीसगढ़ी और हिंदी भाषा में नशे के कारण बर्बाद होते परिवारों, आर्थिक तंगी और युवाओं के भविष्य पर पडऩे वाले दुष्प्रभावों को जीवंत रूप में दिखाया गया, जिसे देखकर वहां उपस्थित ग्रामीण भावुक हो उठे और उन्होंने तालियां बजाकर बच्चों के इस प्रयास की सराहना की।
व्यसनमुक्ति से ही संभव है
रैली की वापसी पर विद्यालय परिसर में एक समापन सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी के च्ग्राम स्वराजज् की परिकल्पना तभी साकार हो सकती है, जब हमारा समाज पूरी तरह से व्यसनमुक्त और स्वच्छ होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा और खेलकूद से नाता जोड़ें और नशे जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से उखाड़ फेंके।