कोण्डागांव

गांधी जयंती पर गुण्डाधूर कॉलेज में स्वच्छता अभियान व सद्भावना वॉलीबॉल मैच
03-Oct-2026 9:02 PM
गांधी जयंती पर गुण्डाधूर कॉलेज में स्वच्छता अभियान व सद्भावना वॉलीबॉल मैच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 3 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शासकीय गुण्डाधूर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव में प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं क्रीड़ा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता अभियान एवं छात्राओं के मध्य सद्भावना वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों द्वारा महाविद्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक साफ-सफाई करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना गुण्डाधुर महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी समलेश पोटाई ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी व्यक्तिगत एवं सामाजिक जिम्मेदारी है। महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का अनिवार्य अंग माना था। उनके आदर्शों को साकार करने के लिए आवश्यक है कि हम स्वच्छता को केवल विशेष अवसरों तक सीमित न रखकर अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।

 उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार एवं समाज में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने तथा स्वच्छ भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के द्वितीय चरण में शासकीय गुण्डाधूर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव एवं शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय, कोंडागांव की छात्राओं के मध्य सद्भावना वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया। दोनों महाविद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन एवं टीम भावना का परिचय दिया।

इस अवसर पर गुण्डाधुर महाविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी हुमन राम यदु ने कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक सहयोग की भावना विकसित करते हैं।

सद्भावना मैच का मुख्य उद्देश्य जीत या हार से परे विद्यार्थियों के बीच आपसी सौहार्द, मैत्री एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। उन्होंने छात्राओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा खेलों को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

वहीं शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी सुनील देव जोशी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों को एक-दूसरे के प्रति सम्मान, सहयोग और सामंजस्य की भावना सिखाते हैं। इस प्रकार की सद्भावना प्रतियोगिताएं विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को एक-दूसरे से जुडऩे तथा अपनी खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने छात्राओं के उत्साह एवं सहभागिता की सराहना करते हुए नियमित अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित किया।

स्वच्छता अभियान में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों मुंजी बघेल, अंजू नेताम, गायत्री मरकाम, प्रतिमा नेताम, वेश बघेल, ऐश्वर्या राज नाग, भगतसिंह नेताम, सोनू सोरी, नंदनी देवांगन, बबली, कुसुम एवं निकिता सहित अन्य स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

सद्भावना वॉलीबॉल मैच में शासकीय गुण्डाधूर स्नातकोत्तर महाविद्यालय की खिलाड़ी छात्राओं पुष्पा मरकाम, मनीषा, आरती मरकाम, सनीला, सन्मति, प्रमिला कश्यप, राधिका, नंदनी, पूर्णिमा, भवनबती, सिमरन, कौशल्या, कुमारी सलाम, कीर्ति, सारंबती, वंदना एवं उमाभारती ने भाग लिया।

वहीं शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय की ओर से बिन्देश्वरी, मनीषा, आरती, संध्या, मुस्कान, बिंदिया, रेशमा, माहेश्वरी, रेशमी एवं माधुरी ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के समापन पर महात्मा गांधी के स्वच्छता, अनुशासन, स्वावलंबन एवं सद्भावना के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाने तथा नियमित व्यायाम एवं खेल गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस प्रकार गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम ने स्वच्छता, सामाजिक समरसता एवं खेल भावना का सार्थक संदेश दिया।


अन्य पोस्ट