कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 3 अक्टूबर। शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय कोंडागांव में राजनीति विज्ञान विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में गांधी जयंती मनाया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर और उनके प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये’ का गायन कर की गई। इसके बाद उपस्थित स्टाफ एवं छात्राओं ने स्वच्छता से संबंधित शपथ ली।
राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष सरिता तारम ने गांधीजी के सत्य और अहिंसा के साथ स्वतंत्रता आंदोलन में किए गए उनके योगदान एवं महात्मा गांधी द्वारा महिलाओं को शिक्षित करने एवं समाज में उन्हें समानता दिलाने के लिए किये गए प्रयास को बताया।
शारदा मरकाम सहायक प्राध्यापक प्राणी शास्त्र सह राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी के द्वारा स्वच्छता से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। अंत में कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अल्का शुक्ला के दिशा निर्देशन में हुआ।
कार्यक्रम का संचालन सरिता तारम सहायक प्राध्यापक राजनीति विज्ञान द्वारा किया गया। उक्त कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्टाफ निधि जैन, कमलेश मरकाम एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।