कोण्डागांव
कोण्डागांव, 30 सितंबर। अनुसूचित क्षेत्र में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों को 10 दिन का अतिरिक्त अर्जित अवकाश और 7 दिन का अतिरिक्त आकस्मिक अवकाश दिए जाने की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष ऋषिदेव सिंह के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान को ज्ञापन सौंपा गया।
संगठन ने ज्ञापन में कहा कि मध्यप्रदेश शासन वित्त विभाग के ज्ञापन क्रमांक एफ.बी 11-3-83/नि-2/चार, दिनांक 11 जनवरी 1984 के अनुसार अनुसूचित क्षेत्रों में पदस्थ सभी विभागों और सभी श्रेणी के कर्मचारियों को वर्ष में 10 दिन का अतिरिक्त अर्जित अवकाश देने का प्रावधान है। इसी तरह सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश क्रमांक 314/1103/1(3)/81, दिनांक 25 जुलाई 1981 तथा क्रमांक/सी-3/41/83/3/1, दिनांक 11 जनवरी 1984 के अनुसार अनुसूचित क्षेत्र में पदस्थ सभी श्रेणी के कर्मचारियों को सामान्य आकस्मिक अवकाश के अतिरिक्त वर्ष में 7 दिन का अतिरिक्त आकस्मिक अवकाश देने का प्रावधान है।
संगठन का कहना है कि इन प्रावधानों के अनुसार पात्र शिक्षकों और कर्मचारियों को अवकाश का लाभ नियमित रूप से नहीं मिल पा रहा है। एसोसिएशन ने संबंधित प्रावधानों के तहत 10 दिन का अतिरिक्त अर्जित अवकाश और 7 दिन का अतिरिक्त आकस्मिक अवकाश दिए जाने के लिए कार्रवाई की मांग की।
संगठन के अनुसार बस्तर, उत्तर बस्तर कांकेर, बीजापुर, सुकमा, जशपुर, सरगुजा और बालोद जिले के शिक्षा अधिकारियों द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए जा चुके हैं। कोण्डागांव जिला शिक्षा अधिकारी ने भी शीघ्र आदेश जारी करने का आश्वासन दिया है।
ज्ञापन सौंपने वालों में ऋषिदेव सिंह, चंद्रकांत ठाकुर, नीलम श्रीवास्तव, दंतेश्वरी राव, संजय राठौर, मन्नाराम नेताम, अवध किशोर मिश्रा, मनोज फिलीप, राजेन्द्र पाण्डेय, लखीराम बघेल, दीपमाला वैष्णव, भानुप्रताप राव सहित जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी उपस्थित रहे।