कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 29 सितंबर। जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी कांग्रेस भवन से रैली के रूप में अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
इसके बाद कांग्रेस की रैली एसडीएम कार्यालय से निकलकर पुराने बस स्टैंड पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया जाना था। हालांकि पुराने बस स्टैंड पहुंचने से पहले ही पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुतला छीन लिया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुतला छीने जाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर विवाद हुआ। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बलपूर्वक पुतला छीनने का प्रयास किया, जिससे धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। इसके विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सडक़ पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में भारी विरोध के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया।
जिला कांग्रेस कमेटी महामंत्री और संगठन प्रभारी जेपी यादव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर वोट चोरी के मुद्दे को लेकर यह प्रदर्शन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन प्रक्रिया में अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का पुतला दहन करने का निर्णय लिया था।
जेपी यादव ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पुतला छीनने के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। उन्होंने कोण्डागांव पुलिस प्रशासन की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने से रोका गया।
वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि घोष ने कहा कि राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में नाम जोडऩे और हटाने की प्रक्रिया से जुड़े अधिकारों में बदलाव किया गया है, जिससे कई राज्यों में मतदाता सूची को लेकर सवाल उठे हैं।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी रखी। कांग्रेस की ओर से दिए गए ज्ञापन में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। प्रदर्शन के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।