कोण्डागांव
कोंडागांव, 28 सितम्बर। लेह लद्दाख स्थित एन.डी.एस. इंडोर स्टेडियम में 19 से 21 सितंबर तक आयोजित 10वीं पेंचक सिलाट फेडरेशन कप 2026-27 में बस्तर की प्रतिभावान खिलाड़ी कोमल ठाकुर ने उत्कृष्ट खेल कौशल एवं शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर बालिका वर्ग में स्वर्ण पदक अर्जित कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया। कोमल ठाकुर ने प्रतियोगिता के दौरान अपने अनुशासन, तकनीकी दक्षता, आत्मविश्वास एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से बस्तर डिस्ट्रिक्ट पेंचक सिलाट एसोसिएशन एवं समस्त छत्तीसगढ़ खेल जगत में हर्ष का वातावरण है।कोमल ठाकुर की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर इंडियन पेंचक सिलाट फेडरेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद इकबाल, अध्यक्ष किशोर यावले एवं सचिव तारीख जरगर ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल खेल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।