कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 28 सितम्बर। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कोरगांव (छत्तीसगढ़) में पदस्थ स्नातकोत्तर शिक्षिका (पीजीटी - हिंदी) सिहनु लांबा ने राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय और संपूर्ण क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्हें राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में सहभागिता हेतु आमंत्रित किया गया था।
इस राष्ट्रीय आयोजन में देश के 19 राज्यों से चयनित शिक्षक एवं शिक्षिकाएं सम्मिलित हुए थे, जहाँ कुल 92 रचनाएँ/प्रतियाँ प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागी शिक्षकों को काव्य वाचन का अवसर दिया गया, जहाँ विचारों और शिक्षण अनुभवों के आदान-प्रदान से बहुत कुछ नया सीखने को मिला।
कार्यक्रम के समापन सत्र में एनसीईआरटी के संयुक्त निदेशक प्रो. अमरेन्द्र प्रसाद बेहरा तथा राजभाषा प्रकोष्ठ प्रभारी रविन्द्र कुमार द्वारा सिहनु लांबा को प्रशस्ति/प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस उपलब्धि पर आभार व्यक्त करते हुए सिहनु लांबा ने कहा, एनसीईआरटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में 19 राज्यों के प्रबुद्ध शिक्षकों के बीच काव्य वाचन का अवसर मिलना और प्रो. अमरेन्द्र प्रसाद बेहरा एवं रविन्द्र कुमार द्वारा सम्मानित होना मेरे लिए अत्यंत प्रेरणादायी अनुभव रहा। इस आयोजन से मुझे बहुत कुछ नया सीखने को मिला। मैं इस अवसर के लिए एनसीईआरटी प्रबंधन और अपने विद्यालय परिवार के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ।
सिहनु लांबा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार तथा स्थानीय शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है और सभी ने उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।