कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 28 सितंबर। विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर पशु चिकित्सालय केशकाल में पशुधन विकास विभाग द्वारा विशेष जागरूकता एवं टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। डॉ. सुरेंद्र कुमार नाग, उप संचालक पशुधन विकास विभाग के निर्देशानुसार वेटनरी असिस्टेंट सर्जन डॉ. कस्तुरी प्रधान के नेतृत्व में पशु विभाग की टीम ने शिविर का संचालन किया। शिविर में सुबह से शाम तक 32 कुत्तों और 7 बिल्लियों सहित कुल 39 पशुओं को एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाया गया। इसके अलावा 25 कुत्तों को कृमिनाशक दवा दी गई। पशुपालकों को रेबीज से बचाव के लिए पालतू कुत्ते-बिल्लियों का समय पर टीकाकरण कराने, पशुओं को आवारा एवं संक्रमित जानवरों के संपर्क से दूर रखने तथा पशुओं के व्यवहार में असामान्य बदलाव दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह दी गई।
इसी तारतम्य में मंगल भवन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत तीन दिवसीय पशु सखी आवासीय प्रशिक्षण का भी आयोजन किया गया। इसमें नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारीलाल शोरी एवं वरिष्ठ पत्रकार कृष्णदत्त उपाध्याय सहित अन्य लोग शामिल हुए। वहीं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं को विश्व रेबीज दिवस के उद्देश्य, रेबीज संक्रमण के कारण, लक्षण एवं बचाव के उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इस दौरान प्राचार्य राकेश विश्वकर्मा एवं व्याख्याता साधना साहू भी उपस्थित रहे।
कुत्ते या अन्य संदिग्ध पशु के काटने पर क्या करें?
इस सम्बंध में डॉ. कस्तुरी प्रधान ने बताया कि किसी संदिग्ध या अज्ञात पशु के काटने अथवा खरोंचने पर घाव को तुरंत साबुन और बहते पानी से करीब 15 मिनट तक अच्छी तरह धोना चाहिए। इसके बाद चिकित्सकीय सलाह के अनुसार एंटीसेप्टिक लगाया जा सकता है। घाव को कसकर बांधना, जलाना या उस पर मिर्च, तेल, मिट्टी अथवा अन्य घरेलू पदार्थ नहीं लगाना चाहिए। इसके बाद बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय जांच और एंटी-रेबीज वैक्सीन की सलाह लेना जरूरी है। चिकित्सक आवश्यकता के अनुसार रेबीज इम्युनोग्लोब्युलिन सहित आगे का उपचार तय करते हैं।
शिविर के सफल आयोजन में डॉ. कस्तुरी प्रधान, डॉ. पुनऊ राम पोयाम, एवीएफओ गिरिजाशंकर, दिलीप, महेश, नरसिंह, रोशन, गजेंद्र एवं उर्वशी, ड्रेसर मोतीलाल, अटेंडेंट केशव, निर्मला, अमित एवं घनश्याम तथा पीएआईडब्ल्यू धनसिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।