कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 27 सितंबर। शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोण्डागांव में प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक व पूर्व कार्यक्रम अधिकारी आर.के. जैन रहे।
रासेयो कार्यक्रम अधिकारी समलेश पोटाई ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. किरण नुरूटी, डॉ. पुरोहित सोरी और डॉ. अलका शुक्ला ने स्वयंसेवकों को समाज सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि आर.के. जैन ने गांवों को रासेयो की प्रयोगशाला बताते हुए स्वयंसेवकों को ग्रामीण जीवन की वास्तविक समस्याओं से जुडक़र कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने युवा शक्ति के सकारात्मक दिशा में संकेंद्रण को सामाजिक परिवर्तन के लिए आवश्यक बताया।
प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम ने बताया कि रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के हाथों महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कोंडागांव जिले के रासेयो जिला समन्वयक शशिभूषण कन्नौजे को सर्वश्रेष्ठ जिला समन्वयक तथा महाविद्यालय की छात्रा डॉली ठाकुर को सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेवक का पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्होंने इसे महाविद्यालय एवं जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम का संचालन छाया देवांगन एवं बबली मरकाम ने किया। इस अवसर पर प्राध्यापक शोभाराम यादव, डॉ. देवाशीष हालदार, रूपा सोरी, नसीर अहमद, विनय कुमार देवांगन, नेहा बंजारे, डॉ. आकाश वासनीकर, अर्जुन सिंह नेताम, लोचन सिंह वर्मा, क्रीड़ाधिकारी हुमन राम यदु सहित बड़ी संख्या में रासेयो स्वयंसेवक उपस्थित रहे।