कोण्डागांव
विद्यार्थियों को स्वरोजगार, वित्तीय सहायता और
ग्रामोद्योग आधारित संभावनाओं की दी जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 27 सितंबर। लोक शिक्षण कार्यक्रम (पीईपी) के अंतर्गत शासकीय गुण्डाधूर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव में ‘खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग से संबंधित योजनाओं एवं उत्पादों की जानकारी’ विषय पर एक दिवसीय सेमीनार का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन ग्रामीण उत्थान सेवाश्रम समिति, मुंगेली द्वारा किया गया तथा इसका प्रायोजन राज्य कार्यालय, खादी और ग्रामोद्योग आयोग (एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार), रायपुर द्वारा किया गया।
प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम ने कहा कि खादी केवल वस्त्र निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय संसाधनों के उपयोग का सशक्त माध्यम है। विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर अपने कौशल को रोजगार में बदलने की आवश्यकता है।
जिला संगठक शशि भूषण कन्नौजे ने कोंडागांव जैसे आदिवासी बहुल जिले में स्थानीय कला, हस्तशिल्प, बांस, वन आधारित उत्पाद और खाद्य प्रसंस्करण को आधुनिक बाजार से जोडऩे पर बल दिया।
सेमीनार में राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग कार्यालय, रायपुर, छत्तीसगढ़ से प्रकाश भोयार ने खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग से संबंधित योजनाओं एवं स्वरोजगार की संभावनाओं पर जानकारी प्रदान की। उन्होंने विभिन्न प्रकार के ग्रामीण एवं लघु उद्योगों, खादी आधारित गतिविधियों तथा युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों एवं कौशल का उपयोग करके छोटे उद्योगों को विकसित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अशोक मिंज ने बैंकिंग व्यवस्था एवं स्वरोजगार से संबंधित वित्तीय प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बैंक के माध्यम से उपलब्ध ऋण सुविधाओं, वित्तीय अनुशासन, बैंकिंग प्रक्रिया तथा उद्यम स्थापित करने के लिए वित्तीय योजना तैयार करने के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होंने युवाओं को बैंकिंग सेवाओं का सही उपयोग करने एवं अपने उद्यम के लिए उचित वित्तीय प्रबंधन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जिला उद्योग प्रबंधक नम्रता अल्मा ने उद्योग विभाग की योजनाओं, आवश्यक पंजीयन, विभागीय सहायता, प्रशिक्षण एवं प्रोजेक्ट तैयार करने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई।
इसी क्रम में जिला ग्रामोद्योग, कोंडागांव से दीपक आर्मो ने ग्रामोद्योग एवं ग्रामीण स्तर पर संचालित गतिविधियों की जानकारी प्रदान की। उन्होंने स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक कौशल तथा ग्रामीण उत्पादों को स्वरोजगार से जोडऩे की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
सेमीनार के दौरान विद्यार्थियों ने स्वरोजगार, ऋण और योजनाओं से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों व प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।