कोण्डागांव
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
केशकाल, 26 सितंबर। सोशल मीडिया पर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं राहुल गांधी एवं सोनिया गांधी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी केशकाल ने थाना केशकाल में ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि ग्राम शामपुर, विकासखंड माकड़ी, जिला कोंडागांव निवासी मिथलेश देवांगन द्वारा सोशल मीडिया पर राहुल गांधी एवं सोनिया गांधी को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने पुलिस से सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर तथ्य सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की कथित टिप्पणी से पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की भावनाएं आहत हुई हैं। साथ ही कार्रवाई में विलंब होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी गई। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी केशकाल अध्यक्ष राजेश नेताम, महेंद्र नेताम, राजेंद्र ठाकुर, रोशन जमीर खान, ओम प्रकाश मरकाम, फिरोज मेमन, सतीश नाग, अशोक टेकाम सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।