कोण्डागांव
नीट, जेईई, सीजीपीएससी और सीजी व्यापम सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की होगी तैयारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 26 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत केशकाल में ग्रामीण युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने की पहल शुरू की गई है। इस नि:शुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम की उपस्थिति में किया गया।
विधायक नीलकंठ टेकाम ने क्षेत्र के युवाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अनेक युवा बेहतर करियर और उज्ज्वल भविष्य के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होकर अपने सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। ऐसे युवाओं को अब कोण्डागांव के साथ-साथ केशकाल में भी नि:शुल्क कोचिंग की सुविधा मिलेगी।विधायक ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि जीवन में करियर का महत्वपूर्ण स्थान है। यदि जीवन में कुछ हासिल करना है तो उसकी शुरुआत आज से ही करनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से कोचिंग सेंटर में उपलब्ध सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने और दृढ़ संकल्प के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का आह्वान किया।
घर के नजदीक मिलेगी गुणवत्तापूर्ण तैयारी
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि कोण्डागांव में संचालित नि:शुल्क कोचिंग सेंटर से अनेक युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिली है। केशकाल क्षेत्र के दूरस्थ अंचलों में रहने वाले युवाओं को कोण्डागांव पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए केशकाल में भी नि:शुल्क कोचिंग सेंटर की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि इस पहल से क्षेत्र के युवाओं को घर के नजदीक प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिलेगा। साथ ही केशकाल को एक नए एजुकेशन हब के रूप में विकसित करने में भी मदद मिलेगी।
नीट, जेईई से लेकर सीजीपीएससी की तैयारी
नि:शुल्क कोचिंग सेंटर में युवाओं को नीट, जेईई, सीजीपीएससी और सीजी व्यापम/सीजीएसएसबी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन एवं अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्र के उन युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करना है।
जो आर्थिक कारणों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते हैं।
छात्राओं ने कहा—अब सपनों को पूरा करने का मिलेगा मौका
कोचिंग सेंटर में पहुंची छात्राओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में नि:शुल्क कोचिंग की सुविधा मिलने से उन्हें काफी लाभ मिलेगा। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कई बार आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना मुश्किल हो जाता था, लेकिन अब घर के नजदीक नि:शुल्क कोचिंग मिलने से उन्हें आगे बढऩे का अवसर मिला है। छात्राओं ने कहा कि वे पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई कर अपने लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास करेंगी।
इस अवसर पर केशकाल एसडीएम आकांक्षा नायक, तहसीलदार गणेश सिदार, जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, डीएमसी ईमल बघेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र के युवा उपस्थित रहे।-