कोण्डागांव
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विद्यार्थियों ने एक स्वर में किया गायन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 26 सितंबर। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विद्या भारती द्वारा आयोजित देशव्यापी सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम के तहत सरस्वती शिशु मंदिर केशकाल में राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, आचार्यगण एवं उपस्थितजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। एक साथ गूंजे वंदे मातरम् के स्वर से पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामचंद्र वर्मा ने की, जबकि वंदे मातरम् परिचारक रोहित कोडोपी ने सामूहिक गान का नेतृत्व किया। मंच का संचालन नारायण यादव ने किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों ने एक स्वर में वंदे मातरम् का गायन कर मातृभूमि के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना व्यक्त की।
वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व पर रखे विचार
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक टोप लाल वर्मा ने वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व और राष्ट्रीय चेतना में इसकी भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् भारत की मातृभूमि के प्रति श्रद्धा और राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त करने वाला महत्वपूर्ण गीत है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इस गीत ने लोगों में राष्ट्रीय चेतना और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि राष्ट्रभक्ति केवल नारों और आयोजनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि दैनिक जीवन में अनुशासन, ईमानदारी, जिम्मेदारी और सामाजिक सद्भाव के माध्यम से भी देश के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय मूल्यों से जुड़े रहने का संदेश दिया।
एक स्वर में गूंजा वंदे मातरम्
सामूहिक गायन के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों और उपस्थितजनों ने एक साथ वंदे मातरम् का गायन किया। इस दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल नजर आया और विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि विद्यालयों में आयोजित ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को देश के इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रीय मूल्यों से जोडऩे का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थितजनों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। आयोजन में विद्यालय के आचार्यगण, विद्यार्थी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और गरिमापूर्ण वातावरण देखने को मिला।