कोण्डागांव
कोण्डागांव, 25 सितंबर। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्थापना दिवस के अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह में कोण्डागांव एवं नारायणपुर के जिला संगठक शशि भूषण कन्नौजे को सर्वश्रेष्ठ जिला संगठक के राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा प्रदान किया गया।
यह सम्मान जिला स्तर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों के प्रभावी समन्वय, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नशामुक्ति और जनजागरूकता अभियानों के कुशल संचालन के लिए दिया गया है। समारोह में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले अन्य पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को भी सम्मानित किया गया।
कोण्डागांव जिले में विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की 36 इकाइयां संचालित हैं। जिला संगठक के रूप में इन सभी इकाइयों के कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों के साथ समन्वय स्थापित कर शासन की योजनाओं और सामाजिक अभियानों का संचालन किया गया।
जिले में स्वयंसेवकों और युवाओं की सहभागिता से गठित वीर गुण्डाधुर रक्तदाता समिति के माध्यम से प्रतिवर्ष 1,000 यूनिट से अधिक रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाता है।