कोण्डागांव
परिचितों को संदेश भेजकर मांगे रुपये
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 23 सितंबर। छत्तीसगढ़ की राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम का व्हाट्सऐप खाता कथित तौर पर हैक किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने सांसद के नाम से उनके परिचितों और संपर्क में रहने वाले लोगों को संदेश भेजकर 50 से 60 हजार रुपये तक की रकम की मांग की। मामले की जानकारी सामने आने के बाद सांसद ने कोंडागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब सांसद फूलो देवी नेताम को कई सांसदों के फोन आने लगे। फोन करने वालों ने उनसे पूछा कि क्या उनके नाम से किसी तरह पैसों की मांग की जा रही है। इसके बाद सांसद को अपने व्हाट्सऐप खाते के कथित रूप से हैक होने की जानकारी मिली।
बताया जा रहा है कि अज्ञात साइबर अपराधी ने कथित तौर पर पार्सल ठगी के माध्यम से सांसद के व्हाट्सऐप खाते तक पहुंच बनाई और इसके बाद उनके संपर्क में रहने वाले लोगों को उनके नाम से संदेश भेजकर आर्थिक मदद के नाम पर 50 से 60 हजार रुपये तक की रकम मांगी।
मामले की जानकारी मिलते ही सांसद ने कोंडागांव पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा से शिकायत की और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सांसद ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से यदि किसी भी माध्यम से पैसे की मांग की जाती है तो बिना पुष्टि किए कोई भी राशि न भेजें और सीधे उनसे संपर्क कर इसकी पुष्टि करें।
सांसद फूलो देवी नेताम ने साइबर सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन जनप्रतिनिधि का ही व्हाट्सऐप खाता सुरक्षित नहीं रहना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने साइबर अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।