कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 22 सितंबर। शहर की गलियों एवं मुख्य मार्गों पर आवारा कुत्तों व मवेशियों की उपस्थिति के कारण आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, शहर के विभिन्न मोहल्लों और मुख्य मार्गों पर आवारा मवेशियों के जमावड़े से सडक़ दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है।
अगस्त 2025 में सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी आदेशानुसार, नगर निकायों को आवारा कुत्तों को पकडक़र उनकी नसबंदी, डी-वॉर्मिंग और टीकाकरण करने तथा रेबीज से पीडि़त या आक्रामक कुत्तों को अलग रखने के निर्देश दिए गए थे।
नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट द्वारा राज्यों, नगर निकायों एवं सडक़-परिवहन विभागों को राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों से आवारा मवेशियों को हटाने के संबंध में संयुक्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था।
शहरवासियों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा विभिन्न कर (टैक्स) वसूल किए जाते हैं, अत: सार्वजनिक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखना निकाय की जिम्मेदारी है। नागरिकों ने मांग की है कि नसबंदी एवं टीकाकरण अभियान को नियमित रूप से चलाया जाए तथा मवेशियों को सुरक्षित स्थलों (गौठानों/कांजी हाउस) में रखने की व्यवस्था की जाए।
मामले में नगर पालिका के एल्डरमैन ललित कुमार ने बताया कि निकाय प्रशासन इस समस्या के समाधान हेतु प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आवारा पशुओं और कुत्तों के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और शीघ्र ही इसका समाधान निकाला जाएगा।